कोटालपोखर (साहिबगंज) : कैबिनेट मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि एनआरसी कोई विषय नहीं है। सभी लोग निडर होकर अपना काम करें। वे शनिवार को बरहड़वा प्रखंड के मिल्लत उच्च विद्यालय श्रीकुंड के मैदान में नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कहा कि कैबिनेट की पहली ही बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट कर दिया कि जो बिल जनहित में नहीं है उसे झारखंड में कभी लागू नहीं होने दिया जाएगा। इसलिए झारखंड के लोगों को एनआरसी से डरने की जरूरत नहीं है। झारखंड में शांति, सुरक्षा और भाईचारा बना रहे इस दिशा में हमलोग हमेशा काम करेंगे। यहां के बेरोजगारों को कैसे रोजगार मिले इस दिशा में हमें काम करना है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट की दूसरी बैठक में किसानों की कर्ज माफी के साथ ही धान क्रय केंद्र खोलने तथा धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय कर लिया जाएगा।
